शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर अष्टमी तिथि को महा अष्टमी के रूप में मनाया जाता है, जो कि मां दुर्गा के भक्तों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण दिन है। इस विशेष तिथि पर मां दुर्गा के आठवें स्वरूप यानी देवी महागौरी की विधि-विधान के साथ उपासना की जाती है।

दुर्गा अष्टमी 2026 तिथि और शुभ मुहूर्त
पंचांग के अनुसार, इस वर्ष नवरात्र की दुर्गा अष्टमी 18 अक्टूबर 2026, रविवार को है। महावीर और मिथिला पंचांग के मुताबिक, अष्टमी तिथि 18 अक्टूबर को सुबह 5 बजकर 54 मिनट से शुरू होगी और इसका समापन 19 अक्टूबर 2026, सोमवार को सुबह 7 बजकर 53 मिनट पर होगा। महा अष्टमी का व्रत, महानिशा पूजा और मुख्य अनुष्ठान 18 अक्टूबर को ही संपन्न किए जाएंगे।
मां महागौरी की पूजा की विधि
महा अष्टमी के दिन प्रातः काल स्नान करने के पश्चात स्वच्छ वस्त्र धारण किए जाते हैं। इसके बाद पूजा स्थल की सफाई कर उसे गंगाजल से पवित्र किया जाता है। यदि माता की प्रतिमा पहले से स्थापित नहीं है, तो महागौरी की तस्वीर या मूर्ति को स्थापित किया जाता है। पूजा स्थल पर दीपक प्रज्वलित कर माता का ध्यान किया जाता है और मन में संकल्प लिया जाता है। देवी को लाल फूल, रोली, अक्षत, धूप और फल अर्पित किए जाते हैं। इसके बाद मंत्र जाप, दुर्गा चालीसा या दुर्गा सप्तशती का पाठ किया जाता है और अंत में आरती कर प्रसाद वितरित किया जाता है।
अष्टमी के दिन कन्या पूजन का विधान
नवरात्र की अष्टमी तिथि पर कन्या पूजन की भी विशेष परंपरा है। इस दिन दो से दस वर्ष तक की आयु की कन्याओं का पूजन किया जाता है। कन्याओं को आदरपूर्वक आमंत्रित कर घर बुलाया जाता है और उनके चरण धोए जाते हैं। इसके पश्चात उन्हें सम्मान के साथ आसन पर बैठाकर भोजन कराया जाता है और अपनी क्षमता के अनुसार उपहार या दक्षिणा दी जाती है।
