प्रभास की आने वाली फिल्म ‘स्पिरिट’ की रिलीज डेट आगे बढ़ा दी गई है, जिससे बॉक्स ऑफिस पर एक बड़ा मुकाबला तय माना जा रहा है। पहले यह फिल्म 5 मार्च 2027 को रिलीज होने वाली थी, लेकिन अब यह दिवाली के मौके पर सिनेमाघरों में उतरेगी।

फिल्म ‘स्पिरिट’ की नई रिलीज डेट का ऐलान
डायरेक्टर संदीप रेड्डी वांगा ने सोशल मीडिया पर एक नया पोस्टर जारी करके इस फिल्म की रिलीज तारीख की घोषणा की है। इस पोस्टर में प्रभास एक कड़क और इंटेंस लुक में नजर आ रहे हैं। उन्होंने जानकारी दी है कि यह फिल्म 29 अक्टूबर को दिवाली 2027 पर दुनियाभर में रिलीज की जाएगी। निर्देशक द्वारा सोशल मीडिया पर इस बात की घोषणा करते ही प्रशंसकों के बीच उत्साह बढ़ गया है।
रणबीर कपूर की ‘रामायण 2’ से होगा मुकाबला
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही फिल्म ‘रामायण’ का दूसरा भाग यानी ‘रामायण 2’ पहले से ही दिवाली 2027 पर रिलीज के लिए तय किया गया था। इस प्रोजेक्ट में रणबीर कपूर भगवान राम के किरदार में दिखेंगे और यश रावण की भूमिका निभाएंगे। अब इसी समान तिथि पर प्रभास की ‘स्पिरिट’ के आने से बॉक्स ऑफिस पर दोनों बड़ी फिल्मों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिलेगी।
क्या होगी ‘स्पिरिट’ की कहानी?
इस फिल्म में प्रभास एक सख्त पुलिस अधिकारी की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म की कहानी में दिखाया जाएगा कि कैसे अपने कर्तव्य का ईमानदारी से पालन करने के कारण उनके निजी जीवन और परिवार में परेशानियां और विवाद खड़े हो जाते हैं। संदीप रेड्डी वांगा के निर्देशन में बनने वाली इस एक्शन फिल्म का दर्शक लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं।
