लोकप्रिय भोजपुरी गायिका कल्पना पटवारी हाल ही में एक पॉडकास्ट के दौरान महान गायिका शारदा सिन्हा को याद करते हुए काफी भावुक हो गईं। उन्होंने बातचीत में साझा किया कि छठ पर्व का नाम लेते ही शारदा सिन्हा की आवाज जेहन में गूंज उठती है और उनके गीतों के बिना इस महापर्व की कल्पना करना भी बहुत कठिन है।

शारदा सिन्हा के निधन का दिन और पुराना संस्मरण
पॉडकास्ट के दौरान जब शारदा सिन्हा का जिक्र छिड़ा, तो कल्पना पटवारी उस दुखद दिन को याद कर भावुक हो गईं जिस दिन उन्होंने इस दुनिया को अलविदा कहा था। उन्होंने बताया कि उस वक्त बिहार में नहाय-खाय की शुरुआत हो चुकी थी, लोग डूबते सूरज को अर्घ्य देने की तैयारियों में जुटे थे और पटना में उन्हें अंतिम विदाई दी जा रही थी। इस दौरान उन्होंने शारदा जी के प्रसिद्ध गीत ‘सुना सिया हो दीनानाथ’ की कुछ पंक्तियां भी गुनगुनाईं, जिससे उनके मन में मौजूद आदर और अपनापन साफ झलक रहा था।
‘छठ बॉलीवुड से भी ऊपर है’
जब कल्पना से यह पूछा गया कि बॉलीवुड के कई बड़े गायक भी अब छठ के लिए गाने तैयार कर रहे हैं, तो उनका इस पर क्या सोचना है, तो उन्होंने इसे बेहद सकारात्मक रूप में लिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि छठ केवल बिहार की सांस्कृतिक और संगीत विरासत नहीं है, बल्कि आज इसे पूरा देश मना रहा है। उनके शब्दों में, छठ बॉलीवुड से भी ऊपर है और इस पावन पर्व की पहचान अब अंतरराष्ट्रीय स्तर तक फैल चुकी है। बॉलीवुड कलाकारों द्वारा छठ गीत गाने को उन्होंने छठी मैया का आशीर्वाद बताया।

बिहार की सात अलग-अलग बोलियों में आ रहा है ‘छठ माला’ प्रोजेक्ट
बातचीत को आगे बढ़ाते हुए कल्पना ने अपने आगामी संगीत प्रोजेक्ट की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि वह इस बार बिहार की विभिन्न भाषाओं और बोलियों में छठ गीतों का एक विशेष संग्रह लेकर आ रही हैं। ‘छठ माला’ नामक इस आगामी प्रोजेक्ट में कुल सात गीत शामिल होंगे। इसमें भोजपुरी के साथ-साथ मैथिली, मगही, बज्जिका और अंगिका जैसी बिहार की अन्य भाषाएं भी सुनने को मिलेंगी। उनका मानना है कि बिहार की संस्कृति को केवल भोजपुरी तक सीमित करके नहीं देखा जा सकता, क्योंकि यहां की अलग-अलग बोलियां और परंपराएं भी बेहद समृद्ध हैं।
