बॉलीवुड में अक्सर ऐसा होता है कि एक कलाकार द्वारा छोड़ी गई फिल्म किसी अन्य अभिनेता या अभिनेत्री के करियर को नई दिशा दे देती है। नब्बे के दौर की शीर्ष अभिनेत्री जूही चावला ने अपने करियर के पीक पर ‘राजा हिंदुस्तानी’ और ‘दिल तो पागल है’ जैसी बड़ी फिल्मों को करने से इनकार कर दिया था। बाद में इन फिल्मों में करिश्मा कपूर ने काम किया और उनके अभिनय को जबरदस्त लोकप्रियता मिली।

‘राजा हिंदुस्तानी’ और ‘दिल तो पागल है’ का किस्सा
वर्ष 1996 में प्रदर्शित हुई फिल्म ‘राजा हिंदुस्तानी’ बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर साबित हुई थी, जिसमें आमिर खान और करिश्मा कपूर मुख्य भूमिकाओं में थे। इस फिल्म में आरती के किरदार के लिए निर्माताओं ने सबसे पहले जूही चावला से संपर्क किया था। हालांकि, उन्होंने इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया जिसके बाद यह भूमिका करिश्मा कपूर के पास चली गई। इसके अलावा, यश चोपड़ा की मशहूर फिल्म ‘दिल के पागल है’ के लिए भी जूही को ऑफर मिला था। एक इंटरव्यू में उन्होंने स्वीकार किया था कि वह माधुरी दीक्षित के साथ दूसरी मुख्य भूमिका निभाने से बचना चाहती थीं, क्योंकि उन्हें अपने स्टारडम पर असर पड़ने की चिंता थी।
करियर के शिखर पर लिए गए फैसले
जूही चावला ने एक साक्षात्कार में यह भी बताया था कि उन्होंने वर्ष 1997 में आई फिल्म ‘जुदाई’ को भी छोड़ दिया था, जिसमें बाद में श्रीदेवी नजर आई थीं। करियर के उस दौर में उन्हें यह भ्रम हो गया था कि इंडस्ट्री उनके बिना नहीं चल सकती और इसी सोच के चलते उन्होंने कई बेहतरीन अवसरों को जाने दिया। उस समय वह मल्टी-स्टारर या दो अभिनेत्रियों वाली फिल्मों से दूरी बनाए रखती थीं।

सिनेमा जगत में सफर
वर्ष 1984 में मिस इंडिया का ताज पहनने के बाद जूही ने साल 1986 में फिल्म ‘सल्तनत’ से अभिनय की दुनिया में कदम रखा था। उन्हें वर्ष 1988 की फिल्म ‘कयामत से कयामत तक’ से असली प्रसिद्धि हासिल हुई। इसके बाद ‘डर’, ‘हम हैं राही प्यार के’, ‘यस बॉस’ और ‘इश्क’ जैसी फिल्मों ने उन्हें नब्बे के दशक की अग्रणी अभिनेत्रियों की सूची में ला खड़ा किया। उनके द्वारा छोड़ी गई फिल्मों से जुड़े ये वाकये आज भी उनके फिल्मी सफर के दिलचस्प अध्यायों में गिने जाते हैं।
