गांधी परिवार पर सोशल मीडिया पोस्ट मामले में कंगना रनौत के खिलाफ शिमला में FIR दर्ज

गांधी परिवार के खिलाफ आपत्तिजनक सोशल मीडिया पोस्ट साझा करने के मामले में बॉलीवुड अभिनेत्री और भारतीय जनता पार्टी की सांसद कंगना रनौत कानूनी पचड़े में फंस गई हैं। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में उनके खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और इस पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

गांधी परिवार पर सोशल मीडिया पोस्ट मामले में कंगना रनौत के खिलाफ शिमला में FIR दर्ज

किसकी शिकायत पर हुई कार्रवाई?

शिमला के रहने वाले एक रिटायर्ड कैप्टन अतुल शर्मा ने इस मामले में पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि कंगना रनौत द्वारा किए गए इस सोशल मीडिया पोस्ट से समाज में शांति भंग होने की आशंका है और इससे लोगों के बीच नफरत तथा तनाव फैल सकता है। उन्होंने पुलिस से इस पोस्ट की साइबर फॉरेंसिक जांच कराने की भी मांग की थी।

क्या है पूरा विवाद?

यह पूरा विवाद 10 नवंबर को कंगना रनौत के वेरिफाइड सोशल मीडिया अकाउंट से किए गए एक पोस्ट से शुरू हुआ था। शिकायत के अनुसार, इस पोस्ट में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और उनके बेटों संजय गांधी तथा राजीव गांधी की मौत को लेकर आपत्तिजनक इशारे किए गए थे। इसके अलावा, कांग्रेस नेता सोनिया गांधी को ‘रहस्यमयी विदेशी नागरिक’ बताते हुए तंज कसा गया था और संजय गांधी के निधन के बाद मेनका गांधी के घर छोड़ने का भी जिक्र किया गया था।

पुलिस ने किन धाराओं में दर्ज किया मामला?

शिमला के पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने पुष्टि की है कि सांसद कंगना रनौत के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं (धारा 196(1)(b), 353(2) और 356(2)) के तहत यह FIR दर्ज की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

वायरल वीडियो और किताब से जुड़ा कनेक्शन

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह पोस्ट उस समय सामने आया जब सोशल मीडिया पर 1981 के आसपास का गांधी परिवार का एक पुराना होम वीडियो वायरल हो रहा था। इस वीडियो में इंदिरा गांधी, सोनिया गांधी, मेनका गांधी के अलावा राहुल गांधी और प्रियंका गांधी नजर आ रहे थे। इसके साथ ही, यह पोस्ट उसी दिन आया जिस दिन सोनिया गांधी की नई पुस्तक ‘बिलोंगिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ रिलीज हुई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *