छठ महापर्व का नाम लेते ही लोगों के जेहन में पारंपरिक और मधुर गीत गूंजने लगते हैं। हालांकि, लोक गीतों का इतिहास इससे भी पुराना है और पुराने ग्रामोफोन रिकॉर्ड तथा शोध के अनुसार मुजफ्फरपुर की काली देवी इस परंपरा की शुरुआती रिकॉर्डेड आवाजों में गिनी जाती हैं। उनकी जिंदगी और संगीत का सफर कई अनसुने पहलुओं से जुड़ा हुआ है।

मुजफ्फरपुर में हुआ था जन्म
शोध सामग्रियों के मुताबिक, काली देवी का जन्म साल 1920 में मुजफ्फरपुर के एक रेड लाइट क्षेत्र में हुआ था और उन्होंने अपनी पूरी जिंदगी इसी सामाजिक दायरे में बिताई। वर्ष 2003 में करीब 83 वर्ष की आयु में उनका निधन हो गया था। शोधकर्ता अर्मेला मेसिवेस्की ने नब्बे के दशक के उत्तरार्ध से लेकर दो हजार पांच के बीच उनके परिवार से मुलाकात की थी। उस दौरान सामने आया था कि काली देवी ने अपनी पहचान को केवल एक तवायफ तक सीमित किए जाने पर एतराज जताया था और उनका मानना था कि तवायफ भी एक कलाकार व गायिका हो सकती है।
गीतों में झलकता था मजदूरों का दर्द
उनके प्रसिद्ध गीतों में ‘बांस के बंगइया’ और ‘मोरे भैया महंगा मुंगेर’ जैसे लोकगीत शामिल हैं। इन गीतों में केवल आस्था ही नहीं, बल्कि गरीबी, पलायन और परिवार से दूर रहने वाले मजदूरों की पीड़ा भी साफ झलकती थी। उनके एक गीत में भाई अपनी बहन से महंगाई के कारण असमर्थता जताता है, लेकिन बहन हर हाल में छठ व्रत पूरा करने की जिद करती है। समय के साथ इन गीतों के बोल और अर्थ में काफी बदलाव किए गए, जिससे इनका मूल भाव भी बदल गया।
क्यों भुला दी गईं मूल गायिका?
काली देवी ने साल 1984 के दौरान दिल्ली में आयोजित एक महिला संगीत समारोह में भी अपनी प्रस्तुति दी थी। इसके बावजूद उन्हें वह व्यापक पहचान और मान-सम्मान कभी हासिल नहीं हुआ, जिसकी वह सच्ची हकदार थीं। उनके गाए गीतों को बाद के दौर में अन्य गायकों ने अपनी आवाज दी, लेकिन मूल गायिका का नाम हाशिए पर ही रह गया।
