आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर पलटी यात्रियों से भरी बस, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया है, जहां यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर नीचे पलट गई। मोहान रोड जीरो प्वाइंट के पास हुई इस दुर्घटना में लगभग 15 यात्रियों के घायल होने की सूचना मिली है।

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर पलटी यात्रियों से भरी बस, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

राजस्थान से छपरा जा रही थी बस

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह बस राजस्थान के भिवाड़ी से खुलकर बिहार के छपरा यानी सारण जा रही थी और इसमें छठ पर्व मनाने जा रहे यात्री सवार थे। भोर के समय मोहान जीरो प्वाइंट के नजदीक अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और एक्सप्रेस-वे से नीचे जा गिरा। बस के भीतर कई बच्चे और अन्य यात्री भी मौजूद थे, जिनके पलटने के बाद अंदर फंस जाने से अफरातफरी मच गई।

बॉडी काटकर निकाला गया बाहर

घटना की जानकारी मिलने के तुरंत बाद पारा थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वाहन के अंदर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए एक बड़ा राहत और बचाव अभियान चलाया गया। रेस्क्यू के दौरान बस की बॉडी को काटकर लगभग 15 यात्रियों को बाहर निकाला गया, जिसमें जेसीबी की भी सहायता ली गई।

अस्पताल में भर्ती कराए गए घायल

सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से फौरन इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया है। इस दुर्घटना में एक यात्री की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस और प्रशासनिक अमले की देखरेख में घटनास्थल पर राहत कार्य पूरा किया गया, और घायलों की विस्तृत स्थिति को लेकर आधिकारिक जानकारी की प्रतीक्षा की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *