रांची के बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा, होटवार में एक विचाराधीन बंदी के साथ गंभीर अपराध का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित के पिता की लिखित शिकायत पर खेलगांव थाना में जेल अधीक्षक और मेडिकल अफसर समेत कुल 19 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। इस मामले की पुलिस द्वारा जांच शुरू कर दी गई है।

त्योहारों के दौरान तीन बार वारदात का आरोप
प्राथमिकी के अनुसार, 20 वर्षीय युवक एक मामले में विचाराधीन बंदी के तौर पर होटवार जेल में बंद था और अदालत ने उसे 12 जून 2026 को बरी कर दिया था। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 31 जनवरी 2026 से 12 जून 2026 के बीच जेल के अंदर कैदियों के एक गिरोह ने उसे नशीला पदार्थ खिलाकर तीन अलग-अलग मौकों पर निशाना बनाया। पहली घटना एक त्योहार की रात की बताई गई है, जिसमें युवक को जबरन साड़ी पहनाकर और नशीला तरल पदार्थ पिलाकर वार्ड संख्या 3-ए में ले जाया गया। इसके बाद अन्य त्योहारों के दौरान भी इसी तरह की दो अन्य घटनाएं वार्ड संख्या तीन के ग्राउंड हॉल और वार्ड संख्या पांच में अंजाम दिए जाने का आरोप लगाया गया है।
जेल प्रशासन और अधिकारियों की भूमिका पर सवाल
पीड़ित के पिता ने जेल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि जब युवक ने जेल के भीतर हुई घटना की लिखित शिकायत वार्ड इंचार्ज से की, तो उसके साथ दुर्व्यवहार किया गया और आवेदन फाड़ दिया गया। अत्यधिक रक्तस्राव होने पर जब वह जेल अस्पताल गया, तो वहां के मेडिकल अफसर ने भी इलाज करने से इनकार कर दिया। इसके अलावा, 12 जून को रिहाई के वक्त अनिवार्य मेडिकल जांच भी नहीं कराई गई। जेल से बाहर आने के बाद मानसिक सदमे में रहे युवक ने काफी समय बाद परिजनों को पूरी बात बताई, जिसके बाद थाने में मामला दर्ज कराया गया।
आरोपियों में कैदी और अधिकारी शामिल
दर्ज प्राथमिकी में 16 कैदियों के साथ-साथ जेल अधीक्षक, वार्ड इंचार्ज और जेल अस्पताल के मेडिकल अफसर को नामजद किया गया है। आरोपियों में पिट्टू, अरविंद गुप्ता, साहिल अंसारी, साहिल साह, रबिसर लोहरा, पवन, मंटू, धनेश्वर बढ़ई, शिव उरांव, बल्लू, रेहान गोलू, गोलू साव, पोगो, संतोष उरांव और सिपाही सिंह शामिल हैं। पुलिस ने मामले की छानबीन के लिए अनुसंधानकर्ता नियुक्त किया है।
