निशा भगत मौत मामले की जांच करेगी सीबीआई, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दिए निर्देश

आदिवासी सामाजिक कार्यकर्ता निशा भगत की संदिग्ध मौत के मामले में अब केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) जांच करेगी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया के माध्यम से इस बात की जानकारी देते हुए जांच के निर्देश जारी किए हैं। इस कदम से मृतका के परिजनों और विभिन्न सामाजिक संगठनों को निष्पक्ष जांच तथा न्याय मिलने की उम्मीद जगी है।

निशा भगत मौत मामले की जांच करेगी सीबीआई, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दिए निर्देश

क्या है पूरा मामला?

प्राप्त जानकारी के अनुसार, छह नवंबर को रांची के पिठोरिया थाना क्षेत्र स्थित आवास पर निशा भगत मृत पाई गई थीं। घटना से पहले उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लाइव आकर अपनी परेशानियों और कथित प्रताड़ना का जिक्र किया था। उनके पिता की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करते हुए दो लोगों को नामदज किया था और जांच के लिए एक एसआईटी का गठन भी किया गया था। इस मामले में पिठोरिया थाना प्रभारी सतीष पांडेय को पहले ही लाइन हाजिर किया जा चुका है।

परिजनों और संगठनों की थी मांग

घटना के बाद से ही निशा भगत के पिता हांदू भगत, परिजनों और कई आदिवासी संगठनों द्वारा मामले में साजिश की आशंका जताते हुए सीबीआई जांच की मांग की जा रही थी। इसके अलावा सामाजिक कार्यकर्ता एवं IRS अधिकारी निशा उरांव ने भी इस मामले में निष्पक्ष जांच और सीबीआई से पड़ताल कराने की पुरजोर मांग उठाई थी।

राजनीतिक प्रतिक्रियाएं

सरकार द्वारा सीबीआई जांच की अनुशंसा किए जाने पर राजनीतिक हलकों में भी प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू ने बयान देते हुए कहा है कि पार्टी के लगातार दबाव और आंदोलन के बाद ही सरकार ने यह कदम उठाया है। उन्होंने भरोसा जताया कि इस जांच से आदिवासी बेटी को न्याय मिलेगा और दोषियों को सजा मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *