अजमेर |अजमेर के किशनगढ़ में पूर्व पार्षद ने अपने भतीजे की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी। भतीजे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात का कारण जमीन विवाद बताया जा रहा है। मामला किशनगढ़ के गांधीनगर थाना इलाके का है।

गांधीनगर थाना एसएचओ शंभू सिंह शेखावत ने बताया कि पूर्व पार्षद सुरेश यादव(45) का बजरंग कॉलोनी निवासी उसके भतीजे अशोक यादव (33) पुत्र गोपाल यादव के बीच जमीन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। अशोक ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़ा था। मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे गांधीनगर थाना इलाके में सरदार सिंह की ढाणी जाने वाले रोड पर अशोक अपनी मां शांति देवी के साथ खेत से घर लौट रहा था।

इस दौरान पूर्व पार्षद सुरेश यादव (चाचा) पुत्र छोटू लाल यादव ने कार से अशोक की बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। अशोक व उसकी मां शांति सड़क पर गिर गए। अशोक कुछ समझ पाता, इससे पहले ही सुरेश यादव ने पिस्तौल निकाल कर उस पर ताबड़तोड़ तीन राउंड गोलियां बरसा दीं।

सिर में गोली लगने से अशोक की वहीं मौत हो गई। घटना के बाद सुरेश यादव मकराना रोड की तरफ भाग निकला। लहूलुहान अशोक की मां ने रास्ते से गुजरते लोगों को आवाज लगाई। इस दौरान सूचना मिलते ही उसका छोटा बेटा राजेंद्र यादव मौके पर पहुंच गया। फायरिंग की सूचना मिलते ही गांधीनगर पुलिस थाना अधिकारी शंभू सिंह शेखावत फोर्स के साथ पहुंचे।

पुलिस और अपने साथियों की मदद से राजेंद्र ने अशोक को राजकीय यज्ञनारायण अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *