झारखंड | झारखंड के जमशेदपुर में पत्नी ने पति की हत्या कर दी। इसके बाद शव को घर में ही जला दिया। शव जलने की बदबू आसपास फैली तो लोग उसके घर पहुंचे। महिला ने उन्हें रोक दिया। बाद में पुलिस पहुंची तो उसने दरवाजे पर करंट लगा दिया। महिला मूल रूप से बिहार की आरा की रहने वाली है।

पुलिस दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंची तो पति का अधजला शव मिला। मौके पर तंत्र-मंत्र में इस्तेमाल किए जाने वाला सामान भी मिला। फिलहाल पुलिस ने महिला को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक जिले के उलीडीह थाने के न्यू सुभाष कॉलोनी में अमरनाथ सिंह अपनी पत्नी मीरा सिंह के साथ रहते थे। गुरुवार को बदबू आने पर पड़ोसी उनके घर गए थे, लेकिन मीरा सिंह ने किसी को अंदर नहीं आने दिया। वह पड़ोसियों से लड़ने लगी, इस पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी।

पुलिस को भी घर में जाने से रोका
पुलिस जब मौके पर पहुंची तो महिला ने खुद को घर में कैद कर लिया। पुलिस को घर के अंदर आने से रोकने के लिए दरवाजे पर करंट लगा दिया। वह लाठी लेकर छत पर चढ़ गई। पुलिस जब दरवाजा तोड़कर अंदर घुसी तो अमरनाथ का शव पेट के बल पड़ा था। शरीर का आधा हिस्सा जला था। वहां रखी वॉशिंग मशीन भी जल गई थी।

मानसिक स्थिति ठीक नहीं
पड़ोसी बताते हैं कि मीरा सिंह की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। वह अपने पति पर ही शक करती थी। वह कहती थी कि अमरनाथ उसका घर हड़पना चाहता था। पति-पत्नी में विवाद चल रहा था। मीरा की हरकतों की वजह से उसके साथ रहने वाले देवर-देवरानी भी घर छोड़कर चले गए। अमरनाथ कई दिनों से बाहर नहीं निकल रहे थे। मीरा सिंह मूल रूप से बिहार के आरा की रहने वाली है। उसके 2 बच्चे हैं, दोनों बेंगलुरु में रहते हैं।

लगातार बदल रही है बयान
मीरा सिंह लगातार अपने बयान बदल रही है। कभी कहती है कि पति अमरनाथ सिंह को उसने कई दिनों से नहीं देखा। कभी कहती है कि सगे संबंधियों ने उनकी हत्या कर दी। पोस्टमार्टम के बाद ही यह पता चल पाएगा की मौत किस दिन हुई। किस तरीके से हत्या की गई है? फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

कमरे के अंदर तंत्र-मंत्र के सामान मिले
घर के अंदर का माहौल भी अजीब था। बताया जाता है कि शव के आसपास तंत्र-मंत्र के सामान रखा था। कमरे को देखकर ऐसा लग रहा था जैसे किसी ने तंत्र-मंत्र किया हो। पुलिस ने जब घर के सभी कमरे की जांच की तो हर कमरे की दीवारों पर ओम लिखा पाया। मीरा के कमरे की दीवार में कई तरह की चीजें लिखी थीं, जिसे पेंट कर मिटाने का प्रयास किया गया है।

उलीडीह थाना प्रभारी विनोद टुडू ने कहा, अभी हम पूछताछ कर रहे हैं। इस हत्या के पीछे की पूरी वजह अब तक सामने नहीं आई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद हत्या के तरीके का पता चलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *