देशभर में बेसिक और नेचुरल साइंस की पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर सामने आया है। विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग (DST) की ओर से INSPIRE SHE स्कॉलरशिप के 2025 बैच के वास्ते ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योग्य और इच्छुक उम्मीदवार निर्धारित अंतिम तिथि यानी 7 दिसंबर तक इसके आधिकारिक पोर्टल के जरिए आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

स्कॉलरशिप राशि और वित्तीय सहायता
इस योजना के तहत चयनित होने वाले विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। छात्रवृत्ति के रूप में हर महीने 5,000 रुपये यानी सालाना 6,0000 रुपये दिए जाते हैं। इसके अतिरिक्त, समर रिसर्च प्रोजेक्ट के संचालन के लिए प्रति वर्ष 20,000 रुपये की मेंटरशिप ग्रांट भी मिलती है। इस तरह कुल मिलाकर सालाना 80,000 रुपये तक की मदद मिल सकती है, हालांकि रिसर्च प्रोजेक्ट से जुड़ी राशि के लिए अलग से रिपोर्ट और सर्टिफिकेट जमा करना अनिवार्य होता है।
योग्यता और पात्रता के नियम
इस छात्रवृत्ति का लाभ उठाने के लिए कुछ विशेष शैक्षणिक शर्तें पूरी करनी होती हैं:
- विद्यार्थी ने 12वीं कक्षा पास करने के बाद उसी वर्ष बेसिक या नेचुरल साइंस से जुड़े कोर्स में प्रवेश लिया हो।
- कैंडिडेट अपने संबंधित बोर्ड की 12वीं की परीक्षा के टॉप 1 प्रतिशत छात्रों में शामिल होना चाहिए।
- आवेदक की आयु सामान्य रूप से 17 से 22 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
- बीएससी, बी.एस., इंटीग्रेटेड एमएससी या इंटीग्रेटेड एमएस जैसे पाठ्यक्रमों में दाखिला होना जरूरी है।
आवश्यक दस्तावेज और आवेदन का तरीका
फॉर्म भरते समय 10वीं व 12वीं की मार्कशीट, जन्मतिथि का प्रमाण, कॉलेज के सक्षम अधिकारी द्वारा हस्ताक्षरित एंडोर्समेंट सर्टिफिकेट और यदि लागू हो तो प्रवेश परीक्षा का रैंक कार्ड जैसे दस्तावेज अपलोड करने होंगे। आवेदन करने के लिए विद्यार्थियों को आधिकारिक वेबसाइट online-inspire.gov.in पर जाना होगा, जहां पंजीकरण के पश्चात ऑनलाइन फॉर्म भरकर आवश्यक दस्तावेज अपलोड किए जा सकते हैं।
छात्रवृत्ति जारी रखने के नियम
इस वित्तीय सहायता को सुचारू रूप से जारी रखने के लिए छात्रों को अपनी परीक्षा में न्यूनतम 60 प्रतिशत अंक या 10 पॉइंट स्केल पर 7.0 जीपीए पहले प्रयास में ही प्राप्त करना आवश्यक होता है। किसी विषय में असफल होने पर उस वर्ष की सहायता राशि रोक दी जाती है, हालांकि अगले वर्ष सुधार करने पर इसे दोबारा शुरू किया जा सकता है। पाठ्यक्रम बीच में छोड़ने की स्थिति में यह लाभ पूरी तरह बंद हो जाता है।
