कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर चौरीचौरा एक्सप्रेस के चार एसी कोच पटरी से उतरे, मची अफरा-तफरी

उत्तर प्रदेश के कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर बुधवार को एक बड़ा रेल हादसा टल गया, जब गोरखपुर जा रही चौरीचौरा एक्सप्रेस के चार एसी कोच पटरी से उतर गए। ट्रेन संख्या 15003 जैसे ही स्टेशन से रवाना हुई, प्लेटफॉर्म नंबर 7 के पास यह तकनीकी समस्या सामने आई, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर चौरीचौरा एक्सप्रेस के चार एसी कोच पटरी से उतरे, मची अफरा-तफरी

चार एसी कोच हुए डिरेल

कानपुर सेंट्रल के डिप्टी सीटीएम आकांशु गोविल के अनुसार, इस घटना में ट्रेन के चार डिब्बे जिनमें B4, B5, B6 और B7 शामिल हैं, वे पटरी से नीचे उतर गए। गनीमत यह रही कि इस दुर्घटना में किसी भी यात्री के घायल होने या किसी प्रकार के जानमाल के नुकसान की कोई सूचना नहीं मिली है। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे महकमे में हड़कंप मच गया और फौरन राहत व बचाव कार्य शुरू किए गए।

सुरक्षित बाहर निकाले गए यात्री

ट्रेन के डिब्बे बेपटरी होने की सूचना मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, आरपीएफ और जीआरपी की टीमें तत्काल प्रभाव से घटनास्थल पर पहुंच गईं। अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लेते हुए सबसे पहले यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी और सभी प्रभावित डिब्बों से यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।

जांच में जुटा रेलवे प्रशासन

घटना के तुरंत बाद रेलवे प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित करने और यातायात को सुचारू बनाने के लिए कदम उठाने शुरू कर दिए। पटरी से उतरे कोचों को वापस ट्रैक पर लाने के प्रयास जारी हैं। वहीं, यह हादसा किन कारणों और किन परिस्थितियों के कारण हुआ, इसकी आधिकारिक जांच शुरू कर दी गई है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *