पश्चिम बंगाल के कोठे से बचाई गई बिहार की बेटी, शादी के झांसे में फंसाकर ले गए थे आरोपी

पूर्वी चंपारण जिले के केसरिया थाने की पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पश्चिम बंगाल के एक रेडलाइट एरिया से बिहार की एक युवती को सकुशल मुक्त करा लिया है। शादी का झांसा देकर युवती को घर से बुलाया गया था और बाद में उसे पश्चिम बंगाल के रेडलाइट एरिया में पहुंचा दिया गया था। पीड़ित युवती की एक फोन कॉल के बाद उसकी मां ने पुलिस से गुहार लगाई थी, जिसके बाद पुलिस ने करीब 500 किलोमीटर का सफर तय कर इस रेस्क्यू ऑपरेशन को अंजाम दिया।

पश्चिम बंगाल के कोठे से बचाई गई बिहार की बेटी, शादी के झांसे में फंसाकर ले गए थे आरोपी

पुलिस को ऐसे मिला सुराग

आठ अक्टूबर 2026 की सुबह केसरिया थाने में एक महिला बदहवास हालत में पहुंची और पुलिस को अपनी बेटी के फंसने की जानकारी दी। महिला की बेटी ने फोन कर बताया था कि उसे जबरन गलत काम करने के लिए मजबूर किया जा रहा है, जिसके बाद फोन कट गया था। थानाध्यक्ष राहुल ने तुरंत एक विशेष टीम का गठन किया। युवती के मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लेने पर उसकी लोकेशन पश्चिम बंगाल के पोंजीपोड़ा रेडलाइट एरिया में मिली।

सादे कपड़ों में चलाया गया ऑपरेशन

लोकेशन मिलने के बाद पुलिस टीम पीड़िता के पिता को साथ लेकर पश्चिम बंगाल के लिए रवाना हुई। पोंजीपोड़ा पहुंचने के बाद पुलिस ने योजना के तहत सादे कपड़ों में रेडलाइट एरिया में प्रवेश किया। सब इंस्पेक्टर मनोज ठाकुर एक दलाल के संपर्क में आए, जिसने 50 रुपये लेकर उन्हें बाजार घुमाने की बात कही। दलाल उन्हें एक कोठे की संचालिका लक्की के पास ले गया। एक हजार रुपये में सौदा तय होने के बाद, जब संचालिका ने मोबाइल जमा करने की शर्त रखी तो विवाद हुआ। इसी बीच स्थानीय पुलिस के सहयोग से अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंच गए और अफरा-तफरी के बीच पुलिस ने युवती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

पश्चिम बंगाल के कोठे से बचाई गई बिहार की बेटी, शादी के झांसे में फंसाकर ले गए थे आरोपी

पीड़िता ने सुनाई अपनी आपबीती

पुलिस के सामने पीड़िता ने खुलासा किया कि उसके पड़ोसी रोहित ने उसे शादी का झांसा दिया था। रोहित ने उसे मुजफ्फरपुर रेलवे स्टेशन बुलाया, जहां उसके दो दोस्त पहुंचे और उसे पूर्णिया ले गए। पूर्णिया में उसे रानी नाम की महिला के हवाले कर दिया गया। वहां उसे नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश किया गया और बाद में पश्चिम बंगाल के रेडलाइट एरिया में बेच दिया गया। पुलिस ने सूझबूझ दिखाते हुए युवती को सकुशल बचाकर मोतिहारी वापस ले आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *