बिहार के बेगूसराय जिले में प्रेम विवाह से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां बड़ी बलिया दक्षिणी इलाके में एक 25 वर्षीय विवाहिता का शव संदिग्ध अवस्था में फंदे से लटका हुआ मिला। मृतका की पहचान अंकिता कुमारी के रूप में हुई है, जिसने करीब पांच साल पहले परिवार के खिलाफ जाकर दूसरे धर्म के युवक से विवाह किया था। इस घटना के सामने आने के बाद से इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं और तनाव का माहौल है।

प्रेम विवाह के बाद शुरू हुई थीं मुश्किलें
मुंगेर जिले के कासिम बाजार थाना क्षेत्र की रहने वाली मृतका की मां द्रौपती देवी के अनुसार, उनकी बेटी अंकिता ने वर्ष 2021 में बड़ी बलिया दक्षिण निवासी मो. आरजू से प्रेम प्रसंग के बाद निकाह किया था। उस दौरान मायके वालों की शिकायत पर मामला भी दर्ज हुआ था, लेकिन अदालत में दिए गए बयान के बाद अंकिता अपने पति के साथ ससुराल में रहने लगी थी। शादी के शुरुआती कुछ साल ठीक बीते, लेकिन एक बेटी के जन्म के बाद से ससुराल पक्ष का रवैया बदलने लगा।
मृतका ने मां को लगाया था आखिरी फोन
मां का आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग अंकिता पर लगातार मानसिक और शारीरिक दबाव बना रहे थे। मृतका पर मायके से दहेज लाने के साथ ही धर्म परिवर्तन करने का भारी दबाव था। घटना की रात करीब ग्यारह बजे अंकिता ने बेहद घबराहट की हालत में अपनी मां को फोन किया था। उसने रोते हुए बताया कि उसके साथ मारपीट की गई है और उसे तुरंत वहां से ले जाने की गुहार लगाई, अन्यथा ससुराल वाले उसे मार डालेंगे। इसके कुछ ही घंटों बाद रात करीब दो बजे पति आरजू ने फोन कर अंकिता द्वारा फांसी लगाए जाने की सूचना दी।

पुलिस जांच और कानूनी कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। मृतका की मां के लिखित आवेदन के आधार पर बलिया थाने में सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। नामजद आरोपी फिलहाल फरार हैं जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट, कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है।
