राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) सुप्रीमो लालू प्रसाद की बेटी रोहिणी आचार्य का एक नया वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वह अपने पिता लालू प्रसाद का हेयर स्टाइल बनाती नजर आ रही हैं और इसके साथ उन्होंने एक भावुक संदेश भी साझा किया है।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो और इमोशनल कैप्शन
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर किए गए इस वीडियो में रोहिणी आचार्य अपने पिता के बाल संवारती दिख रही हैं। इसके साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा कि उन्होंने माता-पिता और बेटी के पवित्र रिश्ते की मर्यादा को हमेशा दिल से संभाला है और आगे भी पूरी निष्ठा के साथ एक बेटी होने का धर्म निभाएंगी। उनका यह वीडियो और भावुक पोस्ट इंटरनेट पर चर्चा का विषय बन गया है।
सोशल मीडिया पर रहती हैं सक्रिय
रोहिणी आचार्य सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहती हैं और अक्सर राजनीतिक या अन्य मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया देती हैं। हालांकि, इस बार उन्होंने अपने इस पोस्ट में राजनीति के बजाय माता-पिता और बच्चों के बीच के रिश्तों और जिम्मेदारियों पर बात की है। इससे पहले वह पटना में अभ्यर्थियों के प्रदर्शन और एमएलसी चुनाव से जुड़े मुद्दों पर भी अपनी बात रख चुकी हैं।
अक्टूबर में पटना आई थीं रोहिणी
बता दें कि कुछ समय पहले ही रोहिणी आचार्य सिंगापुर से पटना आई थीं। पटना एयरपोर्ट पर उनके पहुंचने पर लालू प्रसाद, राबड़ी देवी और सांसद मीसा भारती के साथ-साथ कई आरजेडी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया था। एयरपोर्ट पर उन्होंने अपने पिता को गले भी लगाया था। इसके अलावा हाल ही में उनकी मुलाकात अपने मामा और पूर्व सांसद साधु यादव से भी हुई थी, जिसकी तस्वीरें और चर्चाएं सामने आई थीं।
