चक्रवात अर्नब के संभावित खतरे और तटीय इलाकों में जारी हाई अलर्ट के बीच पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर जिले स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मंदारमणि (ताजपुर) में एक बड़ा हादसा हो गया है। समुद्र में स्नान कर रहे तीन पर्यटक अचानक उ उठी तेज लहरों की चपेट में आ गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। तट पर तैनात सुरक्षाकर्मियों और नुलियाओं ने कड़ी मशक्कत के बाद तीनों को पानी से बाहर निकाला, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर एक युवक की मौत हो गई।

चेतावनी के बावजूद समुद्र में उतरे थे पर्यटक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामनगर थाना क्षेत्र से कुछ लोग ताजपुर के मल्लिका बीच के पास पिकनिक मनाने पहुंचे थे। पिकनिक के दौरान तीन युवक समुद्र में उतरकर नहाने लगे। चक्रवात के कारण समुद्र में खतरनाक ढंग से उठ रही ऊंची लहरों को भांपते हुए ड्यूटी पर मौजूद नुलियाओं ने तुरंत उन्हें पानी से बाहर निकाला और चेतावनी देते हुए समुद्र से दूर रहने की हिदायत दी। हालांकि, नुलियाओं के वहां से हटते ही वे तीनों दोबारा पानी में उतर गए और इस बार तेज बहाव के कारण गहरे पानी में जाने लगे।
एक की मौत और घायलों की स्थिति
चीख-पुकार सुनकर नुलियाओं और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोबारा पानी में छलांग लगाई और तीनों को बाहर निकालकर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। डॉक्टरों ने अठारह वर्षीय शुभोजीत पांडा को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल सबुज बरन साव को प्राथमिक उपचार के बाद कांथी रेफर कर दिया गया, जबकि तीसरे युवक विकास चंद्र जाना की स्थिति फिलहाल स्थिर बनी हुई है।
मौसम विभाग की चेतावनी और बारिश का असर
चक्रवात अर्नब के प्रभाव के कारण पूर्व मेदिनीपुर समेत दक्षिण बंगाल के कई जिलों में मौसम का मिजाज बदल गया है। दोपहर के बाद से आसमान में घने बादल छा गए और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने राज्य के तटीय और अन्य जिलों में आगामी दिनों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई है। प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग ने पर्यटकों व मछुआरों को समुद्र तटों के पास न जाने तथा पूरी सावधानी बरतने की सख्त सलाह दी है।
