पश्चिम बंगाल के उत्तर बंगाल क्षेत्र के बालूरघाट में दुर्गा पूजा के दौरान एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां के प्रसिद्ध अभिजात्री क्लब के पूजा पंडाल में अचानक एक सांड के प्रवेश कर जाने से श्रद्धालुओं के बीच भगदड़ मच गई। इस अचानक हुई घटना से पंडाल में मौजूद लोगों में कुछ देर के लिए डर का माहौल बन गया।

पंडाल में अचानक मची अफरा-तफरी
दुर्गा पूजा के इस उत्सव के दौरान जब श्रद्धालु मां दुर्गा के दर्शन करने, तस्वीरें खींचने और मेले का आनंद लेने में व्यस्त थे, तब एक सांड मुख्य द्वार से सीधे पंडाल के भीतर आ गया। अचानक सामने जानवर को देखकर लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। कई लोग बैरिकेड कूदकर बाहर भागे, तो कुछ लोगों के जूते-चप्पल भी वहीं छूट गए। पंडाल में चीख-पुकार मचने से पूरा माहौल पलभर में बदल गया।
पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से पाया गया काबू
स्थिति को बिगड़ता देख पूजा आयोजकों ने तुरंत स्थानीय पुलिस को इस बात की सूचना दी। मौके पर पहुंची बालूरघाट पुलिस और स्थानीय युवकों ने मिलकर काफी मशक्कत के बाद सांड को पंडाल से बाहर खदेड़ा। गनीमत यह रही कि इस अनपेक्षित घटना में मेला घूमने और दर्शन करने आए किसी भी श्रद्धालु को कोई चोट या नुकसान नहीं पहुंचा।
जिलेभर में चर्चा का विषय बनी घटना
सांड के पंडाल से बाहर निकलते ही सभी ने राहत की सांस ली। अभिजात्री क्लब की यह अजीबोगरीब घटना अब पूरे क्षेत्र में चर्चा का केंद्र बन गई है और लोग इसे हास्य के रूप में ‘सांड-दर्शन’ कहकर आपस में बातचीत कर रहे हैं।
