निशा भगत मौत मामला: एसआईटी के सामने बयान देने से पिता ने किया इनकार, जताई नाराजगी

आदिवासी नेत्री और सामाजिक कार्यकर्ता निशा भगत की मौत के मामले की जांच में बुधवार को एक नया मोड़ देखने को मिला, जब मृतका के पिता ने पुलिस के सामने बयान दर्ज कराने से इनकार कर दिया। मामले की जांच के वास्ते गठित विशेष जांच दल यानी एसआईटी की टीम गुमला स्थित डीएसपी रोड पर बने निशा भगत के आवास पर पहुंची थी। इस दौरान उनके पिता हन्दू भगत ने पुलिस अधिकारियों को देखकर अपनी नाराजगी व्यक्त की और बिना बयान दर्ज कराए टीम को वापस लौटना पड़ा।

निशा भगत मौत मामला: एसआईटी के सामने बयान देने से पिता ने किया इनकार, जताई नाराजगी

डीएसपी को देखकर भावुक हुए पिता, उठाये सवाल

रांची के डीएसपी मुख्यालय-1 अमर कुमार पांडेय के नेतृत्व में एसआईटी की टीम पहले सदर थाना पहुंची और वहां से स्थानीय पुलिस अधिकारियों को साथ लेकर निशा भगत के घर गई। टीम का उद्देश्य हन्दू भगत द्वारा पूर्व में दर्ज कराई गई प्राथमिकी के सिलसिले में उनका बयान दर्ज करना था। जैसे ही अधिकारियों ने बयान लेने की बात कही, हन्दू भगत भावुक हो गए और उन्होंने हाथ जोड़कर सवाल किया कि इतनी लंबी अवधि बीत जाने के बाद अब पुलिस बयान लेने क्यों आई है। उन्होंने गुमला में बयान देने से साफ मना कर दिया और पुलिस द्वारा दिए जा रहे नोटिस को भी लेने से इंकार कर दिया।

रांची जाकर बयान दर्ज कराने की बात

परिजनों के विरोध के बाद एसआईटी की टीम बिना बयान लिए ही वापस लौट आई। इसके बाद मीडिया से बातचीत करते हुए डीएसपी अमर कुमार पांडेय ने स्पष्ट किया कि टीम अनुसंधान को आगे बढ़ाने के लिए ही उनके पास गई थी। उन्होंने यह भी बताया कि निशा भगत के पिता ने दो दिन का समय मांगा है और वे खुद रांची जाकर अपना बयान दर्ज कराएंगे।

पुलिस ने निष्पक्ष जांच का दिया भरोसा

एसआईटी प्रमुख ने मीडिया को जानकारी दी कि इस पूरे प्रकरण में सामने आने वाले तमाम पहलुओं और आरोपों की पूरी निष्पक्षता से जांच की जाएगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच प्रक्रिया के दौरान जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेजा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *