पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के उत्तरपाड़ा अंतर्गत हिंदमोटर इलाके में चिकन बिरयानी के एक विज्ञापन को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। एक आवासीय इमारत के बाहर लगाए गए इस विवादित पोस्टर में देवी दुर्गा की तस्वीर के साथ चिकन बिरयानी को दर्शाया गया था, जिस पर स्थानीय नागरिकों ने तीखी आपत्ति दर्ज कराई है।

पोस्टर पर क्यों मचा है विवाद?
सामने आए पोस्टर में चिकन बिरयानी की प्लेट के पास देवी दुर्गा की तस्वीर का इस्तेमाल किया गया था। इस पोस्टर पर बांग्ला भाषा में लिखे संदेश का अर्थ था कि इस पूजा में देवी के प्रति भक्ति और साथ में रॉकस्टार स्वाद। स्थानीय लोगों ने सवाल उठाया कि किसी मांसाहारी व्यंजन के विज्ञापन के साथ देवी की तस्वीर का प्रयोग कैसे किया जा सकता है।
पुलिस और स्थानीय लोगों की प्रतिक्रिया
रविवार को इस विज्ञापन के खिलाफ कुछ स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हुए और विरोध जताया। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कदम उठाते हुए दुकानदार को ऐसे सभी पोस्टर हटाने के निर्देश दिए। हालांकि, सभी पोस्टर पूरी तरह हटाए गए या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी सामने नहीं आई है।
विधायक ने की विज्ञापन हटाने की मांग
उत्तरपाड़ा से भारतीय जनता पार्टी के विधायक दीपांजन चक्रवर्ती ने इस विज्ञापन को पूरी तरह अस्वीकार्य करार दिया। उन्होंने कहा कि यह विवाद मांसाहारी भोजन से जुड़ा नहीं है, बल्कि बिरयानी के विज्ञापन में मां दुर्गा की तस्वीर के इस्तेमाल से हिंदुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में यदि ऐसे मामले सामने आए, तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
