Dehradun News: देहरादून में राजपुर थानाध्यक्ष के अनुसार उत्तराखंड के पूर्व डीजीपी बीएस सिद्धू और उनके साथ 7 लोगों के खिलाफ रिजर्व वन भूमि पर कब्जा करने और उस पर लगे साल के पेड़ कटवाने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है।

देहरादून: उत्तराखंड के पूर्व पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) बी. एस. सिद्धू मुश्किलों में घिरते नजर आ रहे हैं। दरअसल बीएस सिद्धू समेत 8 लोगों के खिलाफ रिजर्व वन भूमि पर कब्जा करने और उस पर लगे साल के पेड़ कटवाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने यहां बताया कि उत्तराखंड सरकार से अनुमति मिलने के बाद मसूरी के प्रभागीय वन अधिकारी आशुतोष सिंह द्वारा सिद्धू और सात अन्य के खिलाफ राजपुर पुलिस थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
मामले में राजपुर के थानाध्यक्ष ने बताया कि बीएस सिद्धू और उनके साथ अपराध में सहभागियों के खिलाफ भारतीय दंड विधान की धारा 420, 424, 467, 468, 471, 120 बी के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि मामले की विवेचना शुरू कर दी गयी है और उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
