संवाद सहयोगी डोईवाला (देहरादून)। रविवार को मौसम में अचानक आए परिवर्तन का असर देहरादून एयरपोर्ट पर भी देखने को मिला।
सुबह कम दृश्यता व तेज आंधी तूफान के चलते दिल्ली व मुंबई की उड़ान को दिल्ली के लिए डायवर्ट करना पड़ा। दोपहर में मौसम साफ होने पर यह उड़ाने एयरपोर्ट पहुंची।
एयरपोर्ट से प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह 9.55 पर आने वाली एअर इंडिया की मुंबई की उड़ान व सुबह 10.20 पर एअर इंडिया की दिल्ली से आने वाली उड़ान को कम दृश्यता के चलते दिल्ली एयरपोर्ट के लिए डायवर्ट किया गया।
इसके अलावा सुबह 9.50 पर इंडिगो की दिल्ली से आने वाली उड़ान 10.41 पर एयरपोर्ट पहुंची। जबकि इंडिगो की जयपुर से सुबह 11.25 पर आने वाली उड़ान 11.45 पर, एअर इंडिया एक्सप्रेस की मुंबई से दोपहर 12.45 पर आने वाली उड़ान दोपहर 1.03 पर पहुंची।
