उत्तराखंड में अगले साल चारधाम यात्रा पर जाने वाले तीर्थ यात्रियों के लिए गुड न्यूज है। केदारनाथ धाम की तरह ही श्रद्धालु अब चंद मिनटों में बदरीनाथ धाम पहुंच दर्शन कर सकेंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार की प्लानिंग है।
नागरिक उड्डयन विभाग अगले साल 2023 से केदारनाथ की तर्ज पर बद्रीनाथ धाम के लिए भी शटल हेलीसेवा शुरू करने की तैयारी कर रहा है।
विभाग ने इसके लिए हेलीकंपनियों से राय मांगी है। इस साल की चारधाम यात्रा सम्पन्न होने के बाद सचिव नागरिक उड्डयन दिलीप जावलकर ने शनिवार को उत्तराखंड नागरिक उडड्यन विकास प्राधिकरण (उकाडा) कार्यालय में हेली कंपनी प्रतिनिधियों के साथ अगले साल की तैयारियों को लेकर विचार विमर्श किया।
धाम में हेली संचालन के लिए विभाग का कंपनियों के साथ तीन साल का अनुबंध इस साल खत्म हो गया है। इसलिए अब नए सिरे से अनुबंध तय करने के साथ ही यात्री किराया भी तय किया जाएगा। विभाग जल्द इसकी टेंडर प्रक्रिया शुरू करेगा। बैठक के दौरान विभाग ने हेली कंपनियों से बद्रीनाथ धाम के लिए भी शटल हेली सेवा संचालन पर राय मांगी।
