कन्नूर: केरल के कन्नूर जिले के पय्यानुर में आरएसएस कार्यालय पर बम फेंका गया है. पय्यान्नूर पुलिस के मुताबिक, यह घटना आज सुबह हुई. बम हमले में इमारत की खिड़की के शीशे टूट गए. यह हमला तब भी हुआ जब स्थानीय पुलिस स्टेशन आरएसएस कार्यालय के बहुत नजदीक में स्थित है. पय्यान्नूर में आरएसएस कार्यालय पर हमले की यह पहली वारदात नहीं है. इससे पहले भी साल 2017, जुलाई में आरएसएस कार्यालय में तोड़फोड़ और आगजनी की वारदात हुई थी. तब माकपा कार्यकर्ताओं पर इस वारदात को अंजाम देने का आरोप लगा था.
represntative image only
बम हमले में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. भाजपा नेता टॉम वडक्कन ने एक न्यूज चैनल से बातचीत में इस तरह के हमलों को रोकने में विफलता के लिए राज्य प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया. टॉम वडक्क्न ने कहा, ‘यह चौंकाने वाला और दुर्भाग्यपूर्ण है कि केरल में कानून-व्यवस्था की स्थिति सामाजिक संगठनों पर बम फेंकने के स्तर तक बिगड़ गई है, और यह सभ्य समाज में स्वीकार्य नहीं है. इससे पहले भी सामाजिक कार्यों में शामिल आरएसएस कार्यकर्ताओं पर हमले हुए हैं. इस तरह की कानून-व्यवस्था की स्थिति से जल्द निपटना होगा. इसके लिए पुलिस और राज्य प्रशासन जिम्मेदार हैं. केरल के लोग इस तरह की घटनाओं को बर्दाश्त नहीं करेंगे.’