ए एन आई -इजरायल की युद्ध कैबिनेट ने शनिवार रात को मिसाइल और ड्रोन हमले के लिए ईरान के खिलाफ स्पष्ट रूप से और जोरदार जवाबी कार्रवाई का निर्णय लिया है. रिपोर्ट में कहा गया है कि यह हमला ये संदेश देने के लिए किया जायेगा कि इजरायल “अपने खिलाफ इतने बड़े हमले को प्रतिक्रिया के बिना नहीं होने देगा.”

ईरान द्वारा किए गए मिसाइल और ड्रोन हमले का जवाब देने के लिए इजरायल ने रणनीति तैयार कर ली है। द सन की रिपोर्ट की मानें तो इजरायल ने ईरानी धरती पर रणनीतिक लेकिन दर्दनाक हमले की योजना बनाई है। इजरायली पीएम नेतन्याहू की युद्ध कैबिनेट ईरान के हमले का जवाब देने के लिए सही समय का इंतजार कर रही है। वहीं एपी की रिपोर्ट के मुताबिक, ब्रिटेन के विदेश मंत्री डेविड कैमरन ने बुधवार को कहा कि ईरान द्वारा किए गए हमले के जवाब में इजरायल कार्रवाई करने का निर्णय ले रहा है। इस बीच, ईरान ने चेतावनी दी कि उसके क्षेत्र में किसी छोटे से हमले का भी कठोर जवाब दिया जाएगा।
बदले की आग में जल रहा इजरायल
इजरायल ने ईरान के अभूतपूर्व हमले का जवाब देने का संकल्प लिया है लेकिन इस बारे में कुछ नहीं कहा है कि कार्रवाई कब और कैसे की जाएगी। इन निर्णय से गाजा में जारी युद्ध के चलते महीनों की अशांति के बाद नए घटनाक्रम से क्षेत्र में और अधिक अशांति की आशंका उत्पन्न हो गई है। ईरान के हमले को नाकाम करने में मदद करने वाले इजरायल के सबसे करीबी सहयोगी अमेरिका तथा ब्रिटेन हालात और खराब न होने देने की कोशिश कर रहे हैं।
इस बीच, ईरान के राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी ने वार्षिक सैन्य परेड को संबोधित करते हुए इजरायल को किसी भी जवाबी कार्रवाई को लेकर चेतावनी दी। संभवत: इजरायल की जवाबी कार्रवाई के डर से इस सैन्य परेड का टेलीविजन पर प्रसारण नहीं किया गया।
