नई दिल्ली : दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को कथित तौर पर धमकी देने के मामले में पंजाब पुलिस ने शुक्रवार को बीजेपी नेता तेजिंदरपाल सिंह बग्गा को राष्ट्रीय राजधानी में गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी का ये मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। टीवी रिपोर्ट्स के मुताबिक, बग्गा को अरेस्ट कर ले जाने वाले पंजाब पुलिस की टीम पर दिल्ली के जनकपुरी थाने में अपहरण का केस दर्ज कर लिया गया है। दूसरी तरफ, बग्गा को लेकर जा रही पंजाब पुलिस के काफिले को हरियाणा पुलिस ने रोक लिया है। हरियाणा में बीजेपी की सरकार है। इस मामले में 3 राज्यों की पुलिस उलझ गई हैं।
बग्गा को लेकर जा रही पंजाब पुलिस के काफिले को हरियाणा पुलिस ने रोका
तेजिंदरपाल सिंह बग्गा को गिरफ्तार करके दिल्ली से पंजाब ले जा रही पुलिस की टीम को हरियाणा पुलिस ने कुरुक्षेत्र में रोक लिया है। वहां हरियाणा पुलिस की क्राइम ब्रांच की टीम पंजाब की पुलिस टीम से पूछताछ कर रही है।
पंजाब पुलिस की टीम के खिलाफ दिल्ली में अपहरण का केस दर्ज
इस बीच बग्गा को गिरफ्तार करने वाली पंजाब पुलिस की टीम के खिलाफ दिल्ली के जनकपुरी थाने में केस दर्ज कर लिया गया है। गिरफ्तारी में तय मानकों और प्रक्रियाओं का पालन नहीं करने की वजह से दिल्ली पुलिस ने ये केस दर्ज किया है। हालांकि, टीवी रिपोर्ट्स के मुताबिक दिल्ली पुलिस ने पंजाब पुलिस के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज किया है।
सुबह-सुबह हुई गिरफ्तारी
पंजाब पुलिस ने शुक्रवार सुबह-सुबह बग्गा को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया। पंजाब पुलिस के 10 से 15 जवान और अफसर बग्गा के वेस्ट दिल्ली स्थित घर आ धमके और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पंजाब पुलिस के मुताबिक बग्गा को 5 बार नोटिस दिया गया था लेकिन वह उनके सामने पेश नहीं हुए। लिहाजा गिरफ्तार करना पड़ा।
