उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) में पूर्वांचल एक्सप्रेस वे (Purvanchal Expressway) पर 25 जुलाई की सुबह दो डबल डेकर बसों के टकराने से 8 लोगों की मौत हो गई और 16 घायल हो गए. हादसा बाराबंकी (Barabanki) के लोनी कटरा इलाके थाना इलाके के तहत आने वाले नारायणपुर गांव के पास हुआ. घायलों को लखनऊ ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है.

इंडिया टुडे से जुड़े रेहान मुस्तफा की रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों बसें बिहार से दिल्ली की तरफ जा रही थीं. एक बस सीतामढ़ी से चली थी और दूसरी सुपौल से. नारायणपुर गांव के पास पहुंचकर एक बस अचानक से रुक गई. जिसकी वजह से पीछे से तेजी से आ रही बस टकरा गई. हादसे के बारे में जानकारी देते हुए बाराबंकी के SP अनुराग वत्स ने न्यूज एजेंसी ANI को बताया,
“गंभीर रूप से घायल लोगों को ट्रॉमा सेंटर भेजा गया. जिन लोगों को हल्की फुल्की चोट आई है, उनका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार किया गया. जिन लोगों की मौत हुई, उनका पोस्टमार्टम हो रहा है. आगे की जांच की जा रही है.”
रिपोर्ट के मुताबिक, हादसे की जानकारी मिलते ही बाराबंकी पुलिस प्रशासन की एक टीम घटनास्थल पर पहुंची. वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे. इस बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे पर दुख जताया. उन्होंने ट्वीट करते हुए कहा,
“पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर सड़क दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुखद है. संबधित अधिकारियों को राहत वा बचाव कार्य तेजी से संचालित करने और घायलों के समुचित उपचार हेतु निर्देश दिए गए हैं. प्रभु श्री राम दिवंगत आत्माओं को शांति और घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें.”
