नेपाल में भीषण सड़क हादसा: छठ पर्व पर घर लौट रही वैन खाई में गिरी, 10 लोगों की मौत

नेपाल के मकवानपुर जिले में लोक आस्था के महापर्व छठ के दौरान एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें 10 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। काठमांडू से सर्लाही की तरफ जा रही यात्रियों से भरी एक इलेक्ट्रिक वैन अनियंत्रित होकर लगभग 700 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण दुर्घटना में तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

नेपाल में भीषण सड़क हादसा: छठ पर्व पर घर लौट रही वैन खाई में गिरी, 10 लोगों की मौत

कैसे हुआ यह हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना गुरुवार सुबह करीब 6:10 बजे भीमफेदी गांवपालिका-6 स्थित चिसापानीगढ़ी के पास हुई। मधेस प्रदेश पंजीकरण नंबर की यह इलेक्ट्रिक वैन काठमांडू से सर्लाही जा रही थी। सफर के दौरान चालक वाहन पर से अपना नियंत्रण खो बैठा, जिसके कारण वाहन सड़क से फिसलकर गहरी खाई में समा गया। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय स्तर पर कोहराम मच गया और मौके पर चीख-पुकार मच गई।

राहत और बचाव कार्य

घटना की जानकारी मिलते ही जिला पुलिस कार्यालय मकवानपुर के पुलिस अधीक्षक और अन्य सुरक्षाबल तुरंत राहत सामग्री और बचाव दल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। सुरक्षाकर्मियों ने खाई में उतरकर बचाव अभियान चलाया और घायलों को बाहर निकालकर उपचार के लिए हेटौंडा अस्पताल भेजा। चिकित्सकों के अनुसार तीनों घायलों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। इसके साथ ही, खाई से निकाले गए शवों को भी हेटौंडा लाया जा रहा है।

मृतकों की पहचान और त्योहारी सीजन की मातम

हादसे में जान गंवाने वालों में तीन महिलाएं, दो बच्चियां और पांच पुरुष शामिल हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस वाहन में सवार अधिकतर लोग सर्लाही जिले के रहने वाले थे जो छठ पूजा मनाने के लिए अपने घरों की ओर लौट रहे थे। इस भयावह दुर्घटना ने कई हंसते-खेलते परिवारों की खुशियों को त्योहार से ठीक पहले मातम में बदल दिया है। स्थानीय पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों की गहनता से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *