मोकामा से विधायक अनंत सिंह की विधानसभा सदस्यता समाप्त कराने के लिए जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) ने अपनी प्रक्रिया तेज कर दी है। इसी कड़ी में जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने सोमवार को विधानसभा पहुंचकर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार को एक अनुशंसा पत्र सौंपा। इस पत्र के माध्यम से पार्टी ने अनंत सिंह की विधायकी रद्द करने की औपचारिक मांग की है।

दस पेज के दस्तावेज और वीडियो सबूत सौंपे गए
विधानसभा अध्यक्ष से मुलाकात के दौरान प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने केवल अनुशंसा पत्र ही नहीं दिया, बल्कि उनके साथ करीब 10 पेज के दस्तावेजी सबूत और एक वीडियो भी साझा किया। पार्टी का दावा है कि इन साक्ष्यों के आधार पर अनंत सिंह की विधानसभा सदस्यता पर नियमानुसार उचित कार्रवाई की जानी चाहिए। अब इस मामले में विधानसभा अध्यक्ष के अगले कदम और कानूनी प्रक्रिया पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।
क्यों हुई है जेडीयू और अनंत सिंह में तकरार
बता दें कि हाल ही में संपन्न हुए विधान परिषद चुनाव के दौरान पार्टी लाइन से अलग रुख अपनाने के कारण अनंत सिंह को जेडीयू से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया जा चुका है। पार्टी का आरोप है कि उन्होंने जेडीयू उम्मीदवार नीरज कुमार के खिलाफ प्रचार किया था और जन सुराज समर्थित उम्मीदवार अनुज सिंह का समर्थन किया था। इस वाकये के बाद पार्टी नेतृत्व ने कड़ा रुख अपनाते हुए अब उनकी विधायकी खत्म करने की भी सिफारिश कर दी है।
विधानसभा अध्यक्ष की प्रतिक्रिया
इससे पहले रविवार को विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने कहा था कि उन्हें अनंत सिंह के निष्कासन की जानकारी मीडिया के माध्यम से मिली थी, लेकिन तब तक कोई आधिकारिक पत्र कार्यालय को नहीं मिला था। उन्होंने स्पष्ट किया था कि पत्र और सबूत मिलने के बाद उनकी समीक्षा की जाएगी तथा निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। अब दस्तावेज सौंपे जाने के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
