खान-पान के कारोबार में बिहार की महिलाओं की मजबूत हिस्सेदारी, राष्ट्रीय औसत को पीछे छोड़ा

बिहार में घर की रसोई संभालने वाली महिलाएं अब खान-पान के कारोबार में अपनी एक मजबूत पहचान बना रही हैं। ठेला-खोमचा, ढाबा, चाट-पकौड़ा और स्ट्रीट फूड के काम से जुड़कर महिलाएं न केवल अपनी आमदनी बढ़ा रही हैं, बल्कि परिवार के भरण-पोषण में भी अहम भूमिका निभा रही हैं। फूड सेक्टर में महिलाओं की भागीदारी के मामले में राज्य का प्रदर्शन राष्ट्रीय औसत से काफी आगे निकल गया है।

खान-पान के कारोबार में बिहार की महिलाओं की मजबूत हिस्सेदारी, राष्ट्रीय औसत को पीछे छोड़ा

राष्ट्रीय औसत से आगे निकला बिहार

राज्य भर में खान-पान के क्षेत्र में काम करने वाले कुल कामगारों में से 52 फीसदी महिलाएं हैं, जबकि देश भर में महिलाओं की औसत भागीदारी 41 प्रतिशत ही है। इस शानदार उपलब्धि के साथ बिहार देश में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। ई-श्रम पोर्टल पर असंगठित क्षेत्र के कामगारों के आंकड़ों के अनुसार, इस सेक्टर में युवाओं की संख्या सबसे अधिक है, जहां 18 से 40 वर्ष की आयु के 69 प्रतिशत कामगार कार्यरत हैं।

रोजगार का बड़ा जरिया बना स्ट्रीट फूड

बिहार में स्ट्रीट फूड और खान-पान का कारोबार रोजगार के एक बड़े माध्यम के रूप में उभरा है। इस क्षेत्र के तहत चाट-पकौड़ा और अन्य स्ट्रीट फूड में 4.36 लाख से अधिक लोग काम कर रहे हैं। इसके अलावा बेकरी, फूड ग्रेन मिलिंग, होम डिलीवरी, दूध बेचने और चाय बनाने के कार्यों में भी हजारों लोग अपनी आजीविका चला रहे हैं। जिला स्तर पर बात करें तो पटना में सबसे अधिक कामगार इस क्षेत्र से जुड़े हुए हैं, इसके बाद मुजफ्फरपुर, मधुबनी और पूर्वी चंपारण जैसे जिले शामिल हैं।

महिलाओं के लिए स्वरोजगार का अवसर

कम पूंजी में शुरू होने वाले इन व्यवसायों के जरिए महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं। पटना में छोटी-सी चाय की दुकान चलाने वाली प्रीति झा और फूड स्टॉल चलाने वाली दो बहनों राशिका और सपना जैसी कई महिलाएं अपनी कड़ी मेहनत और संघर्ष के बल पर इस क्षेत्र में एक मिसाल पेश कर रही हैं। वे न सिर्फ अपने परिवार का खर्च उठा रही हैं, बल्कि समाज में आत्मनिर्भरता की एक नई राह भी दिखा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *