बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ से जुड़े कथित फायरिंग मामले की गूंज अब बिहार के बेगूसराय तक पहुंच गई है, जहां एक स्थानीय युवक का नाम सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। इस हाई-प्रोटिफ़ाइल मामले में बेगूसराय के रहने वाले रितिक महतो का नाम आने से हर कोई हैरान है। एक तरफ जहां उसके पिता एक छोटी सी किराए की दुकान में नाश्ता बेचकर गुजारा करते हैं, वहीं दूसरी तरफ मुंबई में उसकी कथित लग्जरी लाइफस्टाइल और बीएमडब्ल्यू जैसी गाड़ियों में घूमने की चर्चाएं हो रही हैं।

साधारण परिवार और मायानगरी की चकाचौंध
बेगूसराय के पिपरा चौक पर रितिक के पिता रामू महतो एक छोटी सी दुकान चलाते हैं, जहां नाश्ते के साथ कॉस्मेटिक का सामान भी बेचा जाता है। परिवार मूल रूप से बदरपुरा का रहने वाला है और वर्तमान में डुमरी में रहता है। स्थानीय लोगों के अनुसार, परिवार बेहद मेहनतकश और साधारण है। पड़ोसियों को भी इस बात की भनक नहीं थी कि महानगर मुंबई जाकर बेटा किस तरह की जिंदगी जी रहा था और किन लोगों के संपर्क में था।
दो दिन से फोन बंद, मां ने लगाई गुहार
घटना के सामने आने के बाद से रितिक का मोबाइल फोन लगातार दो दिनों से स्विच ऑफ आ रहा है। उसकी मां संजुक्ता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है और उन्हें खुद नहीं पता कि उनका बेटा किस हाल में है। मां के मुताबिक, बेटे से आखिरी बार दो दिन पहले दोपहर में बात हुई थी जब उसने अपनी एक महिला मित्र को ट्रेन में बैठाने स्टेशन जाने की बात कही थी। इसके बाद से उससे कोई संपर्क नहीं हो पाया है।

परिजनों ने नकारा आरोप, निष्पक्ष जांच की मांग
रितिक की मां ने अपने बेटे पर लगे तमाम आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए उसे सीधा-साधा बताया है। उनका कहना है कि उनका बेटा कभी किसी पर गोली नहीं चला सकता। उन्होंने आशंका जताई है कि किसी साथी या लड़की के परिजनों ने साजिश के तहत उनके बेटे को इस मामले में फंसा दिया है। परिवार ने पुलिस-प्रशासन से अपील की है कि उनके बेटे को सुरक्षित तलाशा जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो।
पुलिस और जांच एजेंसियों की कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस सक्रिय हो गई है और परिजनों से संपर्क कर युवक की तस्वीरें, मोबाइल नंबर तथा मुंबई के पते से जुड़े विवरण जुटाए जा रहे हैं। साधारण पृष्ठभूमि से निकलकर महानगर के अपराध जगत के संदिग्ध घेरे में फंसने की इस घटना पर सुरक्षा एजेंसियां भी नजर बनाए हुए हैं कि एक छोटे दुकानदार का बेटा इस नेटवर्क तक कैसे पहुंचा।
