पाकिस्तान के लिए जासूसी मामले में सेना का पूर्व कर्मी गिरफ्तार, असम पुलिस की कार्रवाई

पाकिस्तान के लिए कथित तौर पर जासूसी करने के एक मामले में असम पुलिस ने भारतीय सेना के एक पूर्व कर्मी को गुवाहाटी से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान बेगूसराय जिले के बरौनी थाना क्षेत्र के पपरौर गांव निवासी रितेश कुमार के रूप में हुई है, जो वर्ष 2006 में सेना में भर्ती हुआ था और वर्ष 2023 में सेवानिवृत्त हुआ था।

पाकिस्तान के लिए जासूसी मामले में सेना का पूर्व कर्मी गिरफ्तार, असम पुलिस की कार्रवाई

गुवाहाटी में किराए के मकान से हुई गिरफ्तारी

पुलिस के अनुसार, रितेश कुमार अपनी पत्नी और बच्चों के साथ गुवाहाटी के सतगांव इलाके में एक किराए के मकान में रहता था। उसने अपने परिवार के सदस्यों को यह बता रखा था कि वह सेवानिवृत्ति के बाद असम सचिवालय में नौकरी कर रहा है। करीब तीन महीने पहले वह अपने परिवार के साथ पैतृक गांव पपरौर भी आया था। मोतिहारी निवासी अभिषेक कुमार सिंह की गिरफ्तारी के बाद पूछताछ के दौरान रितेश का नाम सामने आया, जिसके बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की।

एजेंसियां कर रही हैं नेटवर्क की जांच

प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि रितेश पाकिस्तान के एक इंटेलिजेंस ऑपरेटिव के निर्देश पर काम कर रहा था और उसने अभिषेक की मदद भी की थी। फिलहाल सुरक्षा और जांच एजेंसियां दोनों के बीच संपर्क साधने के माध्यमों, उनकी मुलाकातों और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हैं। अभिषेक के इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है ताकि और खुलासे हो सकें।

बेगूसराय पुलिस भी हुई सक्रिय

इस सनसनीखेज मामले के सामने आने के बाद बेगूसराय पुलिस भी पूरी तरह सक्रिय हो गई है। स्थानीय पुलिस द्वारा आरोपी के पते, पारिवारिक पृष्ठभूमि और उसके संपर्कों का सत्यापन किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि इस मामले की विस्तृत जांच जारी है और सभी पहलुओं की गहराई से पड़ताल की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *