राजस्थान: उदयपुर में 8 साल की बच्ची से रेप के बाद उसके 10 टुकड़े करने के मामले में आरोपी कमलेश राजपूत (21) के माता-पिता को पुलिस ने सोमवार रात गिरफ्तार कर लिया है।मावली थानाधिकारी अजय सिंह ने बताया- बच्ची की हत्या के बाद उसके शव पास के खंडहर में ठिकाने लगाने में माता-पिता की भूमिका रही है। आरोपी से पूछताछ में भी ये बात सामने आई।इसके बाद आरोपी पिता रामसिंह और मां किशन कुंवर को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही चौंकाने वाली बात सामने आई है कि आरोपी ने हत्या करने के बाद भी बच्ची से रेप किया। इसके बाद उसके टुकड़े कर दिए।पुलिस की जांच में सामने आया कि 29 मार्च को घटना के वक्त माता-पिता घर पर नहीं थे। पीछे से कमलेश ने बच्ची के साथ रेप किया।उसके बाद उसकी हत्या कर दी। फिर उसके शरीर के 10 टुकड़े किए। कमलेश के माता-पिता कुछ देर बाद घर पहुंचे। उन्हें घर में बच्ची का शव नजर आया। माता-पिता बच्चे के इस कृत्य को देख बुरी तरह चौंक गए।माता-पिता ने पुलिस और समाज के डर से बच्ची की लाश को बाहर फेंककर आने का प्लान बनाया। माता-पिता ने ही ऐसी लोकेशन तलाश की जहां किसी की नजर नहीं पड़े।बेटे को घर से 200 मीटर दूर खंडहर के बारे में बताया। इसके बाद रात के अंधेरे में आरोपी कमलेश खुद बच्ची के क्षत-विक्षत शव को कपड़े के थैले में भरकर खंडहर में फेंककर आया।
शक नहीं हो, इसलिए माता-पिता ने भी किया नाटक
पुलिस सूत्रों के अनुसार 29 मार्च को बच्ची लापता हुई और 1 अप्रैल को घटना का पता लगा। इस बीच आरोपी के माता-पिता भी मृतक बच्ची के माता-पिता से मिले थे। वे पड़ोसी होने के नाते मृतक बच्ची के लापता होने की खेर-खबर लेने का झूठा नाटक करते रहे। ताकि उनके बच्चे पर किसी को शक ना हो।
डॉग प्रिंस पहुंचा आरोपी के मकान पर
इस खुलासे में पुलिस के डॉग प्रिंस की महत्वपूर्ण भूमिका सामने आई है। शनिवार को बच्ची का शव मिला। तब तक रात हो चुकी थी। अगले दिन रविवार को उदयपुर पुलिस लाइन से डॉग प्रिंस को मौके पर भेजा गया। जो खंडहर तक पहुंचा। इसके बाद वह आरोपी कमलेश के घर की तरफ भागा। फिर पुलिस टीम ने कमलेश के घर की तलाशी ली तो कई जगह खून के धब्बे मिले। सख्ती से पूछताछ में आरोपी ने पूरी सच्चाई बता दी।
पीड़ित परिवार सदमे में
वहीं, पीड़ित परिवार पड़ोसियों की हर से सदमे में है। मासूम जिस कमलेश को भैया बोलती थी। उसी ने ऐसी बेरहम घटना को अंजाम दिया। उन्होंने आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की है।
ये था पूरा मामला
उदयपुर के मावली के लोपड़ा गांव से 29 मार्च को 8 साल की बच्ची की गुमशुदगी की रिपोर्ट उसके परिजनों से मावली थाने में दर्ज कराई थी। इसके बाद 1 अप्रैल को पुलिस को मृतक बच्ची के शव का पता लगा। उसी दिन आरोपी कमलेश राजपूत को गिरफ्तार कर लिया था।
मेडिकल में हुई रेप की पुष्टि
एसपी विकास शर्मा ने बताया की आरोपी युवक कमलेश ने रेप के बाद गला घोंटकर बच्ची की हत्या करना कबूला है। रेप की पुष्टि आरोपी से पूछताछ और प्रारम्भिक मेडिकल जांच में हो गई है। हत्या के बाद भी रेप होने की बात सामने आई है। इस संबंध में भी आरोपी से पूछताछ की जा रही है। आरोपी को फांसी तक पहुंचाने के प्रयास किए जाएंगे।