PATNA | रविवार को पटना जंक्शन पर बेहद शर्मनाक हरकत हुई। प्लेटफॉर्म पर लगे TV स्क्रीन पर अचानक से अश्लील वीडियो दिखाया जाने लगा। जो करीब 3 मिनट तक चलता रहा। जिसे देख परिवार के साथ सफर करने के लिए ट्रेन का इंतजार कर रहे पैसेंजर्स को शर्मसार होना पड़ा। उनके बीच हड़कम्प मच गया। जिस वक्त अश्लील वीडियो टेलीकास्ट हुआ, उस दरम्यान पैसेंजर्स की भारी भीड़ पटना जंक्शन के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर थी। TV पर जिस वक्त एडवर्टिजमेंट से जुड़े वीडियो चलाए जाने थे, उसी दरम्यान वो नहीं चले। बल्कि, उसके जगह अश्लील वीडियो टेलीकास्ट हो गया।
पैसेंजर्स की जानकारी पर मची खलबलीप्लेटफॉर्म पर लगे TV पर अश्लील वीडियो का टेलीकास्ट हो रहा है, इस बात का पता स्टेशन मैनेजर या ड्यूटी पर मौजूद रेलवे के किसी भी अधिकारी को नहीं थी। इस बात की जानकारी प्लेटफॉर्म पर मौजूद पैसेंजर्स ने RPF और GRP को तत्काल दी। तब जाकर उन्हें मामले की जानकारी हुई। इसके बाद RPF हरकत में आई। तेजी से उस एजेंसी के लोगों से बात की, जिनके जिम्मे पटना जंक्शन पर लगे TV पर वीडियो दिखाने की जिम्मेदारी है। फिर RPF ने ही अपने कंट्रोल रूम से दानापुर रेल डिवीजन के अधिकारियों को इस मामले के बारे में बताया।
ब्लैक लिस्ट होगी एजेंसीदत्ता कम्युनिकेशन नाम की एजेंसी को पटना जंक्शन पर लगे TV पर वीडियो दिखाने का ठेका मिला हुआ है। दानापुर रेल डिवीजन के DRM प्रभात कुमार ने इस मामले को बेहद गंभीरता से लिया है। एजेंसी पर जुर्माना लगाने के साथ ही उसे ब्लैक लिस्ट करने का आदेश दिया है। DRM के आदेश पर ही एजेंसी दत्ता कम्यूनिकेशन, उसके ऑपरेटर और स्टाफ के खिलाफ RPF ने FIR दर्ज की है।
सिर्फ 1 प्लेटफॉर्म पर हुआ ऐसा पटना जंक्शन पर कुल 10 प्लेटफॉर्म हैं। कुल 3 फुटओवर ब्रिज हैं। सभी पर TV लगे हैं। पर RPF पाेस्ट प्रभारी सुशील कुमार ने अपनी जांच के बाद दावा किया कि अश्लील वीडियो सिर्फ प्लेटफॉर्म नंबर 10 पर टेलीकास्ट हुआ है। सुबह 9.56 बजे से 9.59 बजे तक, कुल तीन मिनट टेलीकास्ट हुआ था। एजेंसी के कंट्रोल में छापेमारी की गई तो वहां के कर्मचारी अश्लील वीडियो देखते पाए गए। एजेंसी के कुछ कर्मचारियों को हिरासत में लिया गया है।