यू पी | एटा में झोलाछाप के इलाज से एक मासूम की जान चली गई। परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाकर जमकर हंगामा किया। आरोप है कि बच्चे के पैर में फुंसी निकली थी, जिसका झोलाछाप ने ऑपरेशन कर दिया, जिससे उसकी जान चली गई। पिता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जिले में झोलाछाप के इलाज से कई लोगों की जान जाने के मामले आ चुके हैं, बावजूद इसके स्वास्थ्य विभाग इन पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहा है। अलीगंज नगर के मोहल्ला गुलाम हुसैन के रहने वाले हरीशंकर के दो माह के बेटे के पैर में फुंसी निकल आई थी। पीड़ित पिता हरीशंकर ने बताया कि 13 मार्च को वह अपने बच्चे को सराय बस अड्‌डा रोड खानकाह के पास डॉ.बंगाली के नाम से क्लीनिक चलाने वाले तिलक सिंह बंगाली के यहां पर बच्चे को इलाज के लिये लेकर गया था।

पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर शुरू की जांच
तिलक सिंह ने फुंसी का ऑपरेशन कर दिया, जिससे उसके पैर की नस कट गई। जब ब्लड नहीं रुका तो वह बच्चे को लेकर फर्रुखाबाद में डॉक्टर को दिखाने ले गया, लेकिन 15 मार्च को बच्चे ने दम तोड़ दिया। इस पर पीड़ित पिता हरीशंकर ने थाना अलीगंज पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया है। बच्चे की मौत के बाद तिलक सिंह बंगाली क्लीनिक बंद कर फरार हो गया है। अलीगंज के प्रभारी इंस्पेक्टर विजय सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच कर कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *